क्षेत्रीय
19-Jan-2026


बिलासपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ की संस्कृति, साहित्य, कला, जल और पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पिछले 37 वर्षों से सतत सक्रिय बिलासा कला मंच ने वर्ष 2026 के लिए अपनी 37वीं नवीन कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही मंच ने आगामी प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों की तिथियों की भी घोषणा की है।नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी महेश श्रीवास को सौंपी गई है, जबकि सचिव अश्विनी पांडे और कोषाध्यक्ष अनूप श्रीवास होंगे। मंच के संयोजक रामेश्वर गुप्ता एवं यश मिश्रा बनाए गए हैं। वहीं उपाध्यक्ष, सहसचिव, सांस्कृतिक सचिव, साहित्यिक सचिव, कार्यालय सचिव एवं कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में कला, साहित्य और समाजसेवा से जुड़े अनेक अनुभवी व्यक्तियों को शामिल किया गया है। मंच के संरक्षक मंडल में शहर और प्रदेश के प्रतिष्ठित साहित्यकार, शिक्षाविद, चिकित्सक एवं समाजसेवी सम्मिलित हैं। बिलासा कला मंच के संस्थापक डॉ. सोमनाथ यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि नई कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया है कि मंच का प्रतिष्ठित और बहुप्रतीक्षित 36वां बिलासा महोत्सव आगामी 13, 14 एवं 15 मार्च को लालबहादुर शास्त्री स्कूल परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस तीन दिवसीय महोत्सव में कला, संस्कृति और साहित्य से जुड़े विविध कार्यक्रम होंगे।इसके अलावा होली पर्व के अवसर पर विगत 32 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा हास्य-परिहास से भरपूर मूर्खाधिराज अभिषेक एवं हास्य सम्मेलन इस वर्ष 1 मार्च को आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर नई कार्यकारिणी में उत्साह का माहौल है और मंच ने इसे और अधिक भव्य बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 19 जनवरी 2026