पटना, (ईएमएस)। पिछले कुछ हफ्तों से बिहार में जारी कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का दौर अब समाप्त हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अब धीरे-धीरे मौसम में सुधार देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने और पछुआ हवाओं की सक्रियता कम होने से बिहार के मौसम में यह बदलाव आया है। इसका सीधा असर तापमान पर पड़ रहा है और आने वाले दिनों में लोगों को ठंड से बड़ी राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहेगा। आसमान में बादल छाए रहने की संभावना बहुत कम है और दिन के समय तेज धूप खिलने की उम्मीद है। धूप निकलने से अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। जहां पिछले दिनों अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, वहीं अब यह बढ़कर 22 से 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रात के तापमान में भी अब गिरावट का सिलसिला थम गया है। न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे रातें पहले के मुकाबले कम ठंडी रहेंगी। हालांकि सुबह और देर रात हल्की ठंड का अहसास बना रह सकता है, लेकिन शीतलहर जैसी स्थिति की कोई आशंका नहीं है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 27 जनवरी तक राज्य के किसी भी हिस्से में शीतलहर या घने कोहरे की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। संतोष झा- २२ जनवरी/२०२६/ईएमएस