तेहरान (ईएमएस)। ईरान में चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान सख्त कार्रवाई में शुक्रवार तक करीब 5,002 लोगों की मौत हो गई है। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने यह दावा किया है। कार्यकर्ताओं ने बताया कि देश के इतिहास की सबसे बड़ी इंटरनेट बंदी आठ जनवरी से जारी है और मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। एक रिपोर्ट के मुताबिक मारे गए लोगों में 4,716 प्रदर्शनकारी, 203 सरकारी कर्मचारी, 43 बच्चे और 40 आम नागरिक शामिल हैं। रिपोर्ट में बताया गया हैं कि 26,800 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है। ईरान सरकार ने पहली बार मृतकों की संख्या जारी कर कहा कि अब तक 3,117 लोग मारे गए हैं। इसमें बताया गया कि 28 दिसंबर से शुरू हुए प्रदर्शन में मारे गए लोगों में से 2,427 नागरिक और सुरक्षा बल थे, जबकि बाकी को ‘आतंकवादी’ बताया गया है। इसी बीच, अमेरिका के कई विमानवाहक पोत पश्चिम एशिया की ओर बढ़ रहे हैं, इससे अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह ताकत एक ‘आर्माडा’ जैसी है। जब कई युद्धपोत एक साथ किसी मिशन या युद्ध के लिए रवाना होते हैं, तब उस ‘आर्माडा’ कहा जाता है। आशीष दुबे / 23 जनवरी 2026