अंतर्राष्ट्रीय
23-Jan-2026


-पीएम ने 3 साल पहले संसद भंग की टोकियो(ईएमएस)। जापान में सियासी हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री साने तकाइची ने शुक्रवार को संसद के निचले सदन को भंग कर दिया। इसके साथ ही 8 फरवरी को चुनाव कराने की तारीख तय कर दी गई है। प्रधानमंत्री तकाइची ने चुनाव का फैसला 19 जनवरी को ही सुना दिया था। अक्टूबर में वह देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनी थीं, लेकिन केवल तीन महीने बाद ही उन्होंने जनता के बीच जाने का रास्ता चुना। उनकी पार्टी एलडीपी और सहयोगी जापान इनोवेशन पार्टी के पास सदन में कुल 233 सीटें हैं, जो बहुमत से बस एक सीट ज्यादा हैं। कमजोर बहुमत को देखते हुए तकाइची ज्यादा सीटें जीतने की कोशिश में चुनाव करवा रही हैं। जापान में यह चुनाव समय से करीब 3 साल पहले हो रहा है। जापान की संसद के निचले सदन (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) का कार्यकाल 4 साल का होता है। पिछला चुनाव अक्टूबर 2024 में हुआ था, इसलिए सामान्य तौर पर अगला चुनाव 2028 में होना था। विनोद उपाध्याय / 23 जनवरी, 2026