राज्य
29-Jan-2026


इन्दौर (ईएमएस) संदिग्धावस्था में एक अज्ञात महिला के शव मिलने की सूचना पर क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। मामला चंदन नगर थाना क्षेत्र स्थित सिंहासा के ईंट भट्ठों के पास का है। मामला संदिग्ध इसलिए है कि महिला के पास सल्फास की पुड़िया मिली है वहीं उसके मुंह पर चोट के निशान भी है। जिससे हत्या अथवा आत्महत्या दोनों की ही शंका जताई जा रही है। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस टीम महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही उसकी मौत कैसे हुई यह पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया है। पुलिस के अनुसार सिंहासा में ईंट भट्ठे पर महिला का शव पड़ा होने की सूचना पर आज सुबह पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले महिला की पहचान संबंधित पड़ताल करने का प्रयास किया। महिला हरे रंग की सलवार-कुर्ती और ब्लू रंग का जैकेट पहनी हुई है। पुलिस को शंका है कि महिला मुस्लिम परिवार की है। साथ ही महिला के पास सल्फास की पुड़िया पड़ी थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचा इस बात की जांच कर रही है कि महिला ने सल्फास की गोलियां खाकर जान दी या फिर उसकी हत्या की गई और पुलिस को गुमराह करने के लिए पास में सल्फास की पुड़िया रख दी गई। फिलहाल पुलिस क्षेत्रवासियों से पूछताछ कर महिला के बारे में जानकारी निकालते घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। आनंद पुरोहित/ 29 जनवरी 2026