:: झाबुआ प्रवास : किसान विमल भाबोर की प्राकृतिक प्रयोगशाला देख अभिभूत हुए सम्भागायुक्त; हाथीपावा पर नगरवन का लिया जायजा :: झाबुआ/इंदौर (ईएमएस)। इंदौर सम्भागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने अपने दो दिवसीय झाबुआ प्रवास के दौरान ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण की अनूठी मिसाल देखी। गुरुवार को दूसरे दिन ग्राम खेड़ी पहुँचे सम्भागायुक्त ने जब एनआरएलएम समूह की महिलाओं को जैविक कीटनाशक और उर्वरक तैयार करते देखा, तो वे भावुक हो उठे। उन्होंने दोनों हाथ जोड़कर इन महिलाओं का अभिवादन किया और उनके हुनर की सराहना करते हुए इसे धरती बचाने का महायज्ञ बताया। निरीक्षण के दौरान डॉ. खाड़े और कलेक्टर नेहा मीणा ने राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत कार्य कर रहे प्रगतिशील किसान विमल भाबोर के खेत का अवलोकन किया। विमल ने अपनी प्रयोगशाला में निर्मित जीवामृत, नीमास्त्र और ब्रह्मास्त्र जैसे प्राकृतिक आदानों का जीवंत प्रदर्शन किया। सम्भागायुक्त ने केंचुए की खाद और प्राकृतिक विधि से उगाई जा रही अमरूद, पपीता व गेहूं की फसलों को देखकर प्रसन्नता जताई। उल्लेखनीय है कि विमल भाबोर अब तक 125 से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती की राह दिखा चुके हैं। :: हाथीपावा पहाड़ी पर नगरवन का निरीक्षण :: सम्भागायुक्त ने हाथीपावा पहाड़ी क्षेत्र में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने यहाँ विकसित किए जा रहे नगर वन और नेचुरल ट्रेल की सराहना की। बच्चों के लिए बन रहे किड्स पार्क का निरीक्षण करते हुए डॉ. खाड़े ने यहाँ क्रिकेट टर्फ निर्मित करने का सुझाव दिया ताकि खेल प्रतिभाओं को निखारा जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में पहाड़ी के प्राकृतिक स्वरूप के साथ कोई समझौता न हो। :: प्रशासन देगा विपणन में सहयोग :: कलेक्टर नेहा मीणा ने बताया कि प्रशासन इन जैविक उत्पादों को साप्ताहिक हाट और अन्य बाजारों से जोड़कर किसानों की आय बढ़ाने हेतु प्रतिबद्ध है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी सहित कृषि, उद्यानिकी और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सम्भागायुक्त ने विमल भाबोर जैसे किसानों को समाज का प्रेरणास्रोत बताया जो रसायनों के विरुद्ध जंग लड़ रहे हैं। प्रकाश/29 जनवरी 2026