लंदन (ईएमएस)। दक्षिण अमेरिका के वैज्ञानिकों को ऐसे शख्स का कंकाल मिला है, जो करीब 12,000 साल पहले धरती पर रहता था। उस शख्स का न केवल स्वास्थ्य बेहतर था, बल्कि उसके दांत आज के इंसानों से भी कहीं ज्यादा मजबूत थे। दक्षिण अमेरिका में पाया गया यह अब तक का सबसे पुराना मानव कंकाल है, जिसे ‘मैन ऑफ लॉस विलोस’ नाम दिया गया है। पुरातत्वविद सीजर मेंडेज के अनुसार, इस कंकाल की खोज चिली के कोकिम्बो क्षेत्र में ‘लॉस रिएलेस’ नामक पुरातात्विक स्थल पर हुई थी। दिलचस्प बात यह है कि यह खोज किसी सोची-समझी खुदाई का हिस्सा नहीं थी, बल्कि सीवेज पाइपलाइनों को बिछाने के काम के दौरान अचानक सामने आई। खुदाई में मिला यह कंकाल एक ‘शेल मिडन’ (पुराने समय के शिकारियों द्वारा फेंके गए सीपों का ढेर) के नीचे दबा हुआ था। मेंडेज ने बताया कि यह शख्स सीपों की परत के नीचे करवट होकर लेटा था। वैज्ञानिक विश्लेषण से पता चला है कि मौत के समय इस व्यक्ति की उम्र 40 से 45 वर्ष के बीच रही होगी। उस दौर के हिसाब से यह एक लंबी और स्वस्थ उम्र मानी जा सकती है। वह पूरी तरह फिट था और उसके दांतों की मजबूती एक्सपर्ट्स को हैरान कर रही है। जांच में यह भी पाया गया कि वह एक टूटी हुई पसली के दर्द से भी उबर चुका था, यानी उसके शरीर में घावों को भरने की अद्भुत क्षमता थी। उसकी डाइट का विश्लेषण करने पर पता चला कि वह मुख्य रूप से मछली और सीफूड पर निर्भर था। सीजर मेंडेज ने बताया कि उस व्यक्ति के शरीर में नाइट्रोजन का स्तर काफी उच्च था, जो अक्सर उन लोगों में पाया जाता है जो समुद्री भोजन का अधिक सेवन करते हैं। वह संभवतः सी लायंस और मछलियों का शिकार करना बखूबी जानता था। इतना ही नहीं, यह वह दौर था जब धरती पर विशालकाय ‘नोटोमास्टोडन प्लैटेंसिस’ (हाथियों के पूर्वज) भी मौजूद थे। हालांकि, तब तक ये विशाल जीव विलुप्ति की कगार पर थे, इसलिए वे इस व्यक्ति के भोजन का मुख्य हिस्सा नहीं थे। हैरानी की बात यह है कि 12,000 साल पहले रहने वाला यह ‘होमो सेपियन्स सेपियन्स’ शारीरिक और मानसिक रूप से आज के इंसानों से बहुत अलग नहीं था। मेंडेज का कहना है कि उसमें वे सभी शारीरिक, संज्ञानात्मक और भावनात्मक क्षमताएं थीं जो आज हममें हैं। वह उन शुरुआती आबादियों का हिस्सा था जिन्होंने दक्षिण अमेरिकी महाद्वीप में प्रवेश किया था। वह जानता था कि समुद्री शेरों का शिकार कैसे करना है और समुद्र के किनारे सुरक्षित तरीके से कैसे रहना है। भले ही इस कंकाल को करीब एक दशक पहले निकाला गया था, लेकिन पुरातत्वविदों के लिए यह क्षेत्र आज भी शोध का केंद्र बना हुआ है। लॉस विलोस क्षेत्र में ऐसे सैकड़ों स्थान हैं, जहां प्राचीन मानव सभ्यताओं के अवशेष दबे हो सकते हैं। सुदामा/ईएमएस 30 जनवरी 2026