शाजापुर (ईएमएस)। जिले के मोहन बड़ोदिया में शिक्षा की राह अब और आसान होगी। सोमवार का दिन शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के छात्रों के लिए दोहरी खुशी लेकर आया, क्योंकि एक तरफ जहां विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने के लिए निःशुल्क साइकिलें मिलीं, वहीं दूसरी तरफ स्कूल को नए भवन की बड़ी सौगात मिली। वार्षिक उत्सव के मंच से मुख्य अतिथि और क्षेत्रीय विधायक अरुण भीमावद ने स्कूल के विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। 146 छात्रों के चेहरे पर आई मुस्कान विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य समारोह के दौरान कक्षा 9वीं में अध्ययनरत कुल 146 पात्र छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। विधायक के हाथों अपनी नई साइकिल पाकर छात्रों के चेहरे खिल उठे। इस योजना का उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले छात्रों की राह को सुगम बनाना है, ताकि उनकी पढ़ाई में कोई बाधा न आए। प्रतिभाओं का हुआ सम्मान साइकिल वितरण के साथ ही विद्यालय का वार्षिक उत्सव भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। राज्य, संभाग और जिला स्तर पर स्कूल का नाम रोशन करने वाले होनहारों को अतिथियों ने शील्ड और प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अरुण भीमावद ने स्कूल प्रबंधन और छात्रों को एक बड़ी खुशखबरी दी। उन्होंने मंच से घोषणा की कि विद्यालय के नए भवन निर्माण को शासन से स्वीकृति मिल गई है और इसका निर्माण कार्य अति शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही स्कूल परिसर को व्यवस्थित और सुंदर बनाने के लिए पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे। छात्रों को पीने के पानी की दिक्कत न हो, इसके लिए स्कूल में नया ट्यूबवेल खनन करवाया जाएगा। विधायक ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को सुधारने और संसाधनों की कमी को दूर करने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। ईएमएस/ राजेश कलजोरिया/ 02 फरवरी 2026