क्षेत्रीय
02-Feb-2026


सिरोंज (ईएमएस)। सिरोंज केडीबीएम इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 12 के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य एवं गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन की उपलब्धियों को सम्मानित करना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रदान करना रहा। कार्यक्रम का वातावरण उल्लास, अनुशासन एवं भावनात्मक आत्मीयता से परिपूर्ण रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात जूनियर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया। नृत्य, गीत एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स के प्रति स्नेह, सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती श्वेता आनंद त्यागी ने कक्षा 12 के सभी विद्यार्थियों को स्मृति-चिन्ह (मेमेंटो) प्रदान किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन केवल शैक्षणिक पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं होता, बल्कि यही वह समय होता है जब संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास का निर्माण होता है। विद्यालय से प्राप्त शिक्षा एवं मूल्य ही भविष्य की सफलता की सुदृढ़ नींव रखते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन श्री आनंद त्यागी ने कक्षा 12 के विद्यार्थियों को अपना स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। विद्यालय के प्राचार्य श्री मनोज तिवारी ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त मंच होता है। यहाँ सीखे गए अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्य जीवन के प्रत्येक चरण में मार्गदर्शक सिद्ध होते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केडीबीएम इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थी भविष्य में सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे। विदाई समारोह के दौरान आयोजित गतिविधियों में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास एवं मंच प्रस्तुति के आधार पर मिस केडीबीएम के लिए समीक्षा दुबे तथा मिस्टर केडीबीएम के लिए जतिन रघुवंशी का चयन किया गया। इसी क्रम में मिस फेयरवेल केडीबीएम के लिए प्रियांशी पटेल एवं मिस्टर फेयरवेल केडीबीएम के लिए कृष्णा रघुवंशी का चयन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने अपने विद्यालयीन अनुभव साझा किए, जिनमें कई भावुक क्षण देखने को मिले। समारोह का समापन औपचारिक आभार प्रदर्शन एवं सामूहिक छायाचित्र सत्र के साथ हुआ। यह विदाई समारोह विद्यार्थियों के लिए विद्यालय की मधुर स्मृतियों को संजोने वाला तथा नए जीवन पथ पर आत्मविश्वास एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देने वाला सिद्ध हुआ। ईएमएस/मो, सलमान खान/ 02 फरवरी 2026