क्षेत्रीय
03-Feb-2026
...


जशपुर(ईएमएस)। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत एक बार फिर सामने आई है। जरूरत के समय एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर ग्रामीणों को 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को ठेले पर लादकर जिला चिकित्सालय पहुंचाना पड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, पुरानीटोली निवासी रजनी होता की अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने एंबुलेंस के लिए संपर्क किया, लेकिन एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। मजबूरी में स्थानीय लोगों ने बीमार बुजुर्ग महिला को चाट के ठेले पर बैठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई। मामले पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जी.एस. जात्रा ने बताया कि कलेक्टर से सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस को कॉल किया गया था, लेकिन एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीण मरीज को अस्पताल ले आए थे। उन्होंने कहा कि फिलहाल बुजुर्ग महिला की स्थिति सामान्य है और वह स्वस्थ हैं। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और तत्परता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।