रायपुर(ईएमएस)। कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद रायपुर कमिश्नरेट पुलिस लगातार जनविश्वास मजबूत करने और प्रभावी पुलिसिंग को धरातल पर उतारने के प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला (आईपीएस) के निर्देशन में शंकर नगर स्थित सभागार में एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में कमिश्नरी सिस्टम के तहत पुलिस की भूमिका, जिम्मेदारियों और आम जनता की अपेक्षाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। यह सेमिनार आरक्षक स्तर से लेकर पुलिस कमिश्नर तक, रायपुर कमिश्नरेट के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान कमिश्नरेट के प्रमुख जोन अधिकारियों का उनके अधीनस्थ अराजपत्रित अधिकारियों से औपचारिक परिचय कराया गया। सेमिनार में डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर, डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल और डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता ने अपने-अपने जोन के कार्यक्षेत्र, प्राथमिकताएं और एसीपी डिवीजनों की भूमिका के बारे में जानकारी साझा की। अपने संबोधन में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि कमिश्नरी प्रणाली का उद्देश्य केवल पुलिस को अतिरिक्त अधिकार देना नहीं, बल्कि पुलिस और नागरिकों के बीच भरोसे का मजबूत रिश्ता कायम करना है। उन्होंने कहा कि भयमुक्त और सुरक्षित रायपुर तभी संभव है, जब पुलिस संवेदनशील, जवाबदेह और जनहित को केंद्र में रखकर कार्य करे। डॉ. शुक्ला ने बेसिक पुलिसिंग पर जोर देते हुए पुलिसकर्मियों को नागरिकों से शालीन व्यवहार, सभ्य आचरण और शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुनकर वैधानिक समाधान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों की समीक्षा में यह सामने आता है कि कई मामलों में आम लोगों को अपेक्षित सुनवाई नहीं मिल पाती, जिसे गंभीरता से सुधारने की जरूरत है। उन्होंने विजिबल पुलिसिंग को लेकर स्पष्ट किया कि इसका उद्देश्य केवल सड़क पर मौजूदगी दिखाना नहीं, बल्कि नागरिकों में सुरक्षा और भरोसे की भावना पैदा करना है। यह प्रक्रिया वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में होनी चाहिए, ताकि आमजन खुद को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे। साथ ही उन्होंने कहा कि अपराधियों के प्रति कानून सख्त रहेगा, जबकि आम नागरिकों के साथ पुलिस का व्यवहार मानवीय और सहयोगात्मक होना चाहिए। पुलिस कमिश्नर ने स्वच्छ वर्दी, अनुशासित कार्यशैली और मर्यादित व्यवहार को पुलिस की पहचान बताते हुए कहा कि एक सजग और संवेदनशील पुलिस बल ही समाज में विश्वास स्थापित कर सकता है। उन्होंने यह भी दोहराया कि अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस सेमिनार में एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल, एडिशनल डीसीपी अर्चना झा, एडिशनल डीसीपी राहुदेव शर्मा, एडिशनल डीसीपी आकाश मरकाम सहित सभी एसीपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)03 फरवरी 2026