- तालाबों को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश जबलपुर (ईएमएस)। निगमायुक्त रामप्रकश अहिरवार ने निगम के विभिन्न विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक के दौरान निगमायुक्त श्री अहिरवार ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, विशेष रूप से पी.एम. स्वनिधि, ई-के.व्हाय.सी., और स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के कार्यो में अभी से सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ जमीनी धरातल पर उतरकर गति लाने के निर्देश दिये। प्रमुख योजनाओं पर विशेष फोकस .... बैठक में निगमायुक्त श्री अहिरवार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने विशेष जोर दिया कि पी.एम. स्वनिधि एवं संकल्प से समाधान, स्ट्रीट वेंडर्स को मिलने वाले ऋण और उनके पुनर्वास की स्थिति की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने संकल्प से समाधान के तहत प्राप्त सभी आवेदनों का तत्काल निराकरण करने निर्देश प्रदान किये। विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों की ई-के.व्हाय.सी. के साथ ही, सी.एम. हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों को समय सीमा में संतुष्टिपूवर्क निराकरण के लिए निर्देश दिये। तालाबों का संरक्षण और अतिक्रमण मुक्त अभियान .... नगर निगम द्वारा पहले चरण में शहर के प्रमुख तालाबों क्रमश: हनुमानताल, अधारताल, और रानीताल तालाब के उन्नयीनीकरण का कार्य किया जा रहा है। प्रगति की जानकारी के लिए निगमायुक्त ने समीक्षा की। समीक्षा के दौरान निगमायुक्त आर.पी. अहिरवार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तालाबों के आस-पास के क्षेत्रों को पूरा अतिक्रमण मुक्त किया जाये और कार्यो में तेजी लाकर गुणवत्ता के साथ समय सीमा में निर्धारित सभी कार्यो को पूर्ण कराया जाये। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की तैयारी ... स्वच्छ सर्वेक्षण के आगामी चरणों को देखते हुए, शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने जीरो वेस्ट कॉलोनियों को बढ़ावा देने और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की मॉनिटरिंग जीपीएस के माध्यम से करने के निर्देश प्रदान करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को अभी से ही जमीनी स्तर पर कार्य कराने के निर्देश दिये। बैठक में अपर आयुक्त, उपायुक्त, अधीक्षण यंत्री, सहायक आयुक्त एवं सभी विभागीय प्रमुखों के साथ संभागीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे। सुनील साहू / मोनिका / 03 फरवरी 2026