- परिजनों के पुलिस पर आरोप इन्दौर (ईएमएस) पति द्वारा बाजार नहीं ले जाने को लेकर हुए विवाद के बाद नवविवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। मामला विजयनगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार मृतका का नाम मोनिका चौहान पति रितेश पटेल उम्र बीस साल निवासी कल्प कामधेनू नगर है। सोमवार को मोनिका ने अपने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय पति घर से बाहर था। जब वह लौटा तो पत्नी को फंदे पर लटका देख तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार अपने पति रितेश पटेल के साथ रहते हुए मोनिका घर पर ही सिलाई का काम करती थीं, जबकि रितेश रैपिडो बाइक चलाता हैं। पूछताछ में रितेश ने पुलिस को बताया कि सोमवार को मोनिका ने सिलाई के लिए कपड़ा लाने को कहा था, लेकिन वह उसे कपड़ा दिलाने नहीं ले जा सका। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद मोनिका ने यह कदम उठा लिया। मोनिका और रितेश ने अप्रैल 2025 में घर से भागकर प्रेम विवाह किया था। दोनों पहले एक ही स्कूल में पढ़ते थे। मोनिका के माता-पिता खजराना इलाके में रहते हैं। मोनिका के पिता हीरालाल चौहान ने इस मामले में पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते कहा है कि अप्रैल 2025 में उन्होंने खजराना थाने में बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी और कई बार पुलिस से बेटी को ढूंढने की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि बेटी विजयनगर में रह रही है। उन्होंने जांच अधिकारी गणेश मुजाल्दे से बेटी को परिवार से मिलवाने की मांग की, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। पिता का आरोप है कि मोनिका ससुराल में परेशान थी, जिसकी जानकारी उन्हें उनकी भतीजी से मिलती रही। सोमवार को भी बेटी की मौत की सूचना भतीजी ने ही दी। जब वे एमवाय अस्पताल पहुंचे तो मोनिका के शव को मर्चुरी में रखवाया जा चुका था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और परिजनों के आरोपों को भी जांच में शामिल किया जाएगा। यह घटना प्रेम विवाह के बाद सामने आई समस्याओं और पुलिस की कथित लापरवाही पर कई सवाल खड़े करती है। आनंद पुरोहित/ 03 फरवरी 2026