क्षेत्रीय
03-Feb-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। शहर के प्रमुख आवासीय क्षेत्र बसंती कॉलोनी में चल रहा से अधिक पैकेज मैनहोल निर्माण कार्य तय समय-सीमा समाप्त होने के करीब आठ महीने बाद भी अधूरा पड़ा हुआ है। इस परियोजना को राउरकेला महानगर निगम से मंजूरी मिली थी और इसके लिए महज चार महीने की अवधि निर्धारित की गई थी, जो काफी पहले पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद न तो निर्माण कार्य पूरा हुआ है और न ही संबंधित ठेकेदार पर अब तक कोई कार्रवाई की गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अधूरे निर्माण की वजह से कॉलोनी की सड़कें लंबे समय से खुदी हुई हैं। इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और अस्पताल जाने वाले मरीजों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह खुले मैनहोल और गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। बरसात के दिनों में हालात और बदतर हो जाते हैं, क्योंकि पानी भर जाने से गड्ढे नजर नहीं आते और हादसों का खतरा बढ़ जाता है। जानकारी के मुताबिक यह ठेका शहर से बाहर की एक निर्माण कंपनी को दिया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उक्त कंपनी को निगम के कुछ प्रभावशाली अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है, इसी कारण तय समय पर काम पूरा न होने के बावजूद उसके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जा रही है। नियमों के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं करने पर ठेकेदार पर जुर्माना लगाया जाना चाहिए और गंभीर लापरवाही की स्थिति में कंपनी को ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है। लेकिन इस मामले में नियमों की अनदेखी किए जाने से निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)03 फरवरी 2026