क्षेत्रीय
03-Feb-2026
...


जशपुर(ईएमएस)। जिले के विभिन्न वन क्षेत्रों में हाथियों के लगातार मूवमेंट ने वन विभाग और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। वर्तमान में जशपुर वनमंडल में लगभग 40 हाथियों का दल विचरण कर रहा है, जिससे हाथी-मानव द्वंद और संभावित जन-हानि की आशंका बनी हुई है। इस स्थिति को देखते हुए कलेक्टर और डीएफओ के मार्गदर्शन में ‘हाथी गश्ती दल’ और ‘रैपिड रिस्पॉन्स टीम’ को हाई अलर्ट पर रखा गया है। डीएफओ शशि कुमार ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में रात्री गश्त के साथ-साथ हाथियों के मूवमेंट की समीक्षा लगातार की जा रही है। संवेदनशील गांवों में कोटवार और वनकर्मी ढोल पीटकर हाथियों के आने की सूचना देते हैं, जबकि मोबाइल संदेशों के जरिए सटीक लोकेशन साझा की जा रही है। इसके अलावा, ग्राम स्तरीय समितियों के माध्यम से ग्रामीणों को बचाव के उपाय भी सिखाए जा रहे हैं, ताकि हाथियों के संपर्क में आने पर सुरक्षित तरीके से प्रतिक्रिया की जा सके। वन विभाग ने ग्रामीणों से भी अपील की है कि हाथियों के पास जाने या उन्हें भड़काने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत हाथी गश्ती दल या रैपिड रिस्पॉन्स टीम को सूचित करें।