राजगढ़(ईएमएस) जाटव (बृजवासी) समाज कल्याण संघ चौरासी की प्रदेश स्तरीय समिति के चुनाव के बाद नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष कैलाशचंद्र पंडाजी जाटव ने अपनी प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी का गठन किया। इस अवसर पर कालाखेत स्थित माता मंदिर परिसर में शपथ विधि समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के नवनियुक्त पदाधिकारियों को विधिवत शपथ दिलाई गई। समारोह में प्रदेश अध्यक्ष कैलाश जाटव सहित सभी पदाधिकारियों को प्रदेश कार्य समिति के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही फूल-मालाओं एवं साफा पहनाकर उनका सम्मान किया गया। समाज के निर्वाचन अधिकारी भागीरथ प्रसाद मलोनिया ने उपस्थित पदाधिकारियों को समाज के प्रति निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए संगठन को एकजुट रखने तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने की शपथ दिलाई। - दिसंबर मे हुए थे चुनाव प्रदेश मीडिया प्रभारी लक्ष्मीनारायण पवैया (ब्यावरा) एवं नरेंद्र सोनवार (गुना) ने बताया कि 14 दिसंबर को करनवास में प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव संपन्न हुए थे। इसके बाद 11 जनवरी को राजगढ़ में आयोजित संयुक्त बैठक में निर्वाचन अधिकारी एवं निर्वाचित अध्यक्ष द्वारा सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी के गठन का निर्णय लिया गया था।-निखिल कुमार (राजगढ़ )3/2/2026