क्षेत्रीय
03-Feb-2026
...


-सीने और गले पर किए कई वार, पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया नई दिल्ली,(ईएमएस)। पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में महज मामूली कहासुनी के बाद तीन किशोरों ने एक डिलीवरी बॉय की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया है, लेकिन इस घटना ने दिल्ली की सड़कों पर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार 2 फरवरी की रात करीब 8 बजे पांडव नगर के व्यस्त इलाके आचार्य निकेतन में यह वारदात को अंजाम दिया गया। 22 साल के डिलीवरी एग्जीक्यूटिव अरुण राज अपने काम पर जा रहा था तभी एक बाइक पर सवार तीन नाबालिग वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक अरुण और उन लड़कों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नाबालिगों ने चाकू निकालकर अरुण पर हमला कर दिया। आरोपियों ने अरुण के गले और सीने पर कई वार किए और उसे खून से लथपथ छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने अरुण को मृत घोषित कर दिया। अत्यधिक खून बहना मौत का मुख्य कारण बताया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक यह मामला दिल्ली में बढ़ते नाबालिग अपराध की गंभीर स्थिति को दर्शाता है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या नाबालिगों के पास हथियार पहले से मौजूद था या यह अचानक उपजा गुस्सा था। अरुण के परिवार में इस घटना के बाद मातम छाया हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरु कर दी है। सिराज/ईएमएस 03फरवरी26