क्षेत्रीय
03-Feb-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। कमिश्नरेट प्रणाली के अंतर्गत डीजे, साउंड सिस्टम, धुमाल पार्टी एवं टेंट संचालन को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में डीसीपी सेंट्रल ज़ोन उमेश प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में एसीपी कोतवाली एवं एसीपी सिविल लाइंस डिवीजन क्षेत्र के अंतर्गत कार्यरत डीजे संचालकों, साउंड सिस्टम संचालकों, धुमाल पार्टी संचालकों एवं टेंट व्यवसायियों की एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संचालकों को कमिश्नरेट प्रणाली के तहत लागू अनुमति प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार के कार्यक्रम, आयोजन, रैली, जुलूस, धार्मिक या सामाजिक कार्यक्रम के लिए पुलिस प्रशासन से पूर्व वैध लिखित अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य है। डीसीपी उमेश गुप्ता ने निर्देशित किया कि माननीय न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों, ध्वनि नियंत्रण नियमों एवं प्रतिबंधात्मक प्रावधानों का कड़ाई से पालन किया जाए। बिना अनुमति डीजे संचालन, निर्धारित समय सीमा के उल्लंघन, अत्यधिक ध्वनि, सड़क अवरोध तथा संवेदनशील क्षेत्रों में शोर-शराबे को लेकर सख्त चेतावनी दी गई। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि आयोजन के लिए जारी अनुमति पत्र का सत्यापन संबंधित संचालक की स्वयं की जिम्मेदारी होगी तथा मौखिक अनुमति मान्य नहीं होगी। डीजे एवं साउंड सिस्टम का संचालन केवल अनुमति पत्र में उल्लेखित समयावधि के भीतर ही किया जा सकेगा। रात्रिकालीन समय में डीजे संचालन केवल न्यायालय अथवा प्रशासन द्वारा अनुमत परिस्थितियों में ही संभव होगा। अस्पताल, स्कूल, न्यायालय, परीक्षा केंद्र एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास तेज ध्वनि का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके अतिरिक्त टेंट, पंडाल, साउंड सिस्टम अथवा लाइटिंग इस प्रकार न लगाई जाए जिससे सार्वजनिक सड़क, फुटपाथ, आपातकालीन मार्ग अथवा आमजन की आवाजाही बाधित हो। बिना अनुमति आयोजित कार्यक्रमों में सामग्री उपलब्ध कराए जाने की स्थिति में कानून-व्यवस्था बिगड़ने पर संबंधित संचालक को भी उत्तरदायी माना जाएगा। निर्देशों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित डीजे, साउंड अथवा टेंट संचालकों के विरुद्ध सामग्री जप्ती, ध्वनि उपकरण सील करने एवं कोलाहल अधिनियम सहित अन्य प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इस अवसर पर एडिशनल डीसीपी सेंट्रल ज़ोन श्री तारकेश्वर पटेल, एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा, एसीपी सिविल लाइंस रमाकांत साहू, थाना प्रभारी कोतवाली सतीश सिंह गहरवार, थाना प्रभारी सिविल लाइंस दीपक पासवान एवं थाना प्रभारी गोल बाजार भावेश गौतम उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य कमिश्नरेट प्रणाली का प्रभावी क्रियान्वयन, सार्वजनिक शांति व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा आम नागरिकों को अनावश्यक असुविधा से बचाने के लिए व्यवसायिक संचालकों को नियमों के प्रति जागरूक करना रहा। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/03 फ़रवरी 2026