मुरैना ( ईएमएस ) | विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर 4 फरवरी 2026 को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, सिविल अस्पतालों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं जिला चिकित्सालय, मुरैना में कॉमन कैंसर जांच शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा 30 से 65 वर्ष आयु वर्ग के व्यक्तियों की मुख (ओरल), स्तन, सर्वाइकल कैंसर सहित अन्य कैंसरों की जांच की जाएगी। जांच उपरांत उपचार संबंधी परामर्श प्रदान किया जाएगा तथा चिन्हांकित जटिल रोगियों को आवश्यकता अनुसार सर्जरी एवं रेडियोथेरेपी हेतु उच्च संस्थानों में रैफर किया जाएगा। शिविरों के सुचारु आयोजन हेतु स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पदमेश उपाध्याय ने बताया कि जिले की समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं पर कैंसर जांच स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे तथा बैनर एवं पोस्टर के माध्यम से कैंसर से बचाव संबंधी जनजागरूकता गतिविधियाँ भी संचालित की जाएँगी। सिविल सर्जन डॉ. गजेन्द्र सिंह तोमर ने जानकारी दी कि जांच शिविरों में चिन्हांकित कैंसर रोगियों को आवश्यकता अनुसार डे-केयर कैंसर कीमोथेरेपी सेवाएँ भी उपलब्ध कराई जाएँगी। उन्होंने बताया कि 30 वर्ष या उससे अधिक आयु के पुरुषों एवं महिलाओं की प्रत्येक पाँच वर्ष में कम से कम एक बार प्रशिक्षित स्वास्थ्य प्रदाता द्वारा प्रारंभिक जांच कराई जानी चाहिए। स्क्रीनिंग के दौरान पुरुषों एवं महिलाओं को मुख कैंसर के चेतावनी संकेतों एवं लक्षणों की जानकारी भी दी जाएगी। मुख कैंसर की प्रारंभिक जांच प्रशिक्षित चिकित्सा अधिकारी, दंत चिकित्सक एवं स्टाफ नर्स द्वारा की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि कैंसर से संबंधित किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य संस्था में आयोजित शिविर में पहुँचकर समय रहते जांच कराएँ।