राज्य
03-Feb-2026
...


जबलपुर (ईएमएस)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और आमजन को सुव्यवस्थित मार्ग उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार निगम की टीम ने शहर के विभिन्न व्यावसायिक और व्यस्त क्षेत्रों में कार्रवाई कर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया। अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से ने जानकारी देते हुए बताया कि आज गोरखपुर क्षेत्र में सड़कों पर खड़े अवैध ठेले और टपरों को हटाकर मार्ग को चौड़ा किया गया, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिली। दमोह नाका व बस स्टैंड में क्षेत्रीय बस स्टैंड जोन ऑफिस के पीछे मैदान पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। त्रिमूर्ति नगर में मिलेनियम स्कूल के पास स्थित उद्यान में हो रहे अवैध निर्माण को रुकवाकर शासकीय भूमि को मुक्त कराया गया। कलेक्ट्रेट से रेलवे स्टेशन तक इंदिरा मार्केट और कलेक्ट्रेट मार्ग पर यातायात में बाधा बन रहे अस्थायी ढांचों को जब्त कर सख्त कार्रवाई की गई। कछपुरा ब्रिज के आस-पास फैले अतिक्रमण को हटाकर जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित की गई। सख्त हिदायत और सुव्यवस्थित यातायात .... निगम की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य दंडात्मक होने के साथ-साथ सुधारात्मक भी रहा। कार्रवाई के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। साथ ही, अतिक्रमणकारियों को भविष्य में सार्वजनिक स्थलों पर कब्जा न करने की सख्त हिदायत दी गई ताकि शहर की सुंदरता और व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य शहर को व्यवस्थित करना और नागरिकों के लिए चलने योग्य सुरक्षित सड़कों का निर्माण करना है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि सुगम यातायात सुनिश्चित हो सके। कार्यवाही के दौरान सहायक अतिक्रमण निरोधक अधिकारी अखिलेश सिंह भदौरिया, श्रीमती एकता रघुवंशी तथा सहायक परिवहन एवं यातायात प्रबंधन अधिकारी दीपेंद्र सिंह रावत, दल प्रभारी एवं कर्मचारीगण जोसफ प्रवीण, अंकित पारस, वीरेंद्र मिश्रा, कुलदीप त्रिपाठी, दुर्गा राव, अभिषेक समुद्रे, ब्रज किशोर तिवारी सहित निगम का पूरा दस्ता और पुलिस बल सक्रिय रहा। पुलिस के सहयोग से पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सुनील साहू / मोनिका / 03 फरवरी 2026/ 06.35