राज्य
03-Feb-2026
...


:: पुलिस आयुक्त ने किया अनावरण; सड़क सुरक्षा का संदेश देने के लिए यातायात पुलिस का अनूठा नवाचार :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर शहर के यातायात को सुरक्षित बनाने और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के प्रति जागरूक करने के लिए इंदौर पुलिस ने एक अनूठी कलात्मक पहल की है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने मंगलवार को वाहनों के पुराने पार्ट्स और स्क्रैप मटेरियल से तैयार की गई एक विशाल हेलमेट प्रतिकृति का अनावरण किया। यह कलाकृति न केवल आकर्षण का केंद्र बनी है, बल्कि जीवन रक्षा का एक सशक्त संदेश भी दे रही है। :: स्क्रैप को दिया कलात्मक रूप :: सड़क सुरक्षा के प्रति जनमानस को जोड़ने के उद्देश्य से तैयार इस प्रतिकृति में लोहे, प्लास्टिक और वाहनों के बेकार हो चुके पार्ट्स का उपयोग किया गया है। इसे बनाने में गियर, डिस्क, स्प्रिंग, टायर, हेडलाइट और अन्य स्क्रैप मटेरियल को बड़ी कुशलता से जोड़ा गया है। सामान्यतः कबाड़ समझे जाने वाले सामान को एक सुरक्षा हेलमेट का रूप देकर यह समझाने का प्रयास किया गया है कि वाहन के कलपुर्जों से ज्यादा कीमती मानव जीवन है, जिसकी रक्षा हेलमेट से संभव है। :: नवाचार से जन-जागरूकता की उम्मीद :: प्रतिकृति के अनावरण अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह और पुलिस उपायुक्त (यातायात) आनंद कलादगी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के नवाचार आम नागरिकों का ध्यान खींचते हैं और सड़क सुरक्षा जैसे गंभीर विषय को सरल व प्रभावी ढंग से समझाते हैं। उन्होंने कहा, हमारा उद्देश्य लोगों को यह अहसास कराना है कि हेलमेट पहनना महज औपचारिकता नहीं, बल्कि अनिवार्य जीवन रक्षा है। :: दुर्घटनाओं में मृत्यु दर घटाने का लक्ष्य :: पुलिस आयुक्त ने इस दौरान आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि हेलमेट पहनने से सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे हेलमेट को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। यातायात पुलिस ने संकल्प दोहराया है कि भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से शहर को यातायात के प्रति जागरूक बनाया जाएगा। प्रकाश/03 फरवरी 2026