:: पुलिस कमिश्नर कार्यालय में हुआ भावभीना विदाई समारोह; अनुभवों को साझा कर जीवन की नई पारी के लिए दी शुभकामनाएं :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर पुलिस परिवार के सात अनुभवी अधिकारियों ने अपनी अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर पुलिस विभाग से सम्मानजनक विदाई ली। पलासिया स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सभागार में आयोजित एक गरिमामय समारोह में इन अधिकारियों को उनकी दीर्घकालीन और समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में सेवानिवृत्त अधिकारियों को भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) प्रकाश परिहार, अति. पुलिस उपायुक्त सीमा अलावा एवं रक्षित निरीक्षक दीपक कुमार पाटिल की उपस्थिति में सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों - कार्यवाहक निरीक्षक बृजेंद्र बाबू शर्मा, कार्यवाहक उपनिरीक्षक भोला सिंह तोमर, राजकुमार सिंह भदौरिया, हरेंद्र साटम, तथा कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक असलम अहमद कुरैशी, प्रहलाद सिंह जादौन और राजभान कोल का शाल, श्रीफल व मोमेंटो भेंट कर स्वागत किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए विभाग की ओर से आभार व्यक्त किया। डीसीपी प्रकाश परिहार ने संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस विभाग की चुनौतीपूर्ण ड्यूटी में अपने जीवन का अमूल्य समय देकर आप सभी ने जनता की सेवा की है। उन्होंने कहा, अब समय स्वयं और परिवार को देने का है। स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए जीवन की इस नई पारी को रचनात्मकता और हंसी-खुशी के साथ गुजारें। अधिकारियों ने सेवानिवृत्त साथियों को अपनी पूंजी के सही निवेश और समय के सदुपयोग के संबंध में उचित मार्गदर्शन भी प्रदान किया। उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी यह पुलिस परिवार उनका अपना है। वे जब चाहें अपने अनुभव साझा करने और समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालय आ सकते हैं। विदा लेने वाले अधिकारियों ने भी अपनी सेवा के दौरान के खट्टे-मीठे और यादगार लम्हों को साझा किया। कार्यक्रम के अंत में सहकर्मियों से गले मिलकर और स्मृति चिन्हों के साथ अधिकारियों ने भाव-विभोर होकर विदाई ली। परिजनों की मौजूदगी ने इस पल को और भी यादगार बना दिया। प्रकाश/03 फरवरी 2026