:: अपराधियों की धरपकड़ से लेकर यातायात प्रबंधन तक में मिसाल पेश करने वाले जवानों का हुआ सम्मान :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में कार्यकुशलता बढ़ाने और जवानों का मनोबल बढ़ाने के लिए पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में शुरू किया गया साप्ताहिक पुरस्कार कार्यक्रम निरंतर जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को पलासिया स्थित कार्यालय में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 16 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) आर.के. सिंह ने भी जवानों का उत्साहवर्धन किया। :: इन जांबाजों को मिला सम्मान :: पुरस्कृत किए गए पुलिसकर्मियों के कार्यों की विभाग द्वारा विस्तार से सराहना की गई, जिनमें प्रमुख सफलताएं इस प्रकार रहीं: - द्वारकापुरी पुलिस की बड़ी सफलता : प्रधान आरक्षक नितेश बघेल, आरक्षक कृष्णचंद्र शर्मा, अरुण माथुर और अनुराग सिंह सिकरवार को द्वारकापुरी थाने के चार गंभीर अपराधों में आरोपियों को गिरफ्तार कर 5.20 लाख रुपये का मश्रुका बरामद करने पर सम्मानित किया गया। - क्राइम ब्रांच का तकनीकी वार : उपनिरीक्षक रीना ठाकुर, सहायक उपनिरीक्षक मंगलेश्वर सिंह बघेल और उनकी टीम (संजय बारोड, धर्मेंद्र खत्री, ऋषभ विश्वकर्मा, गोविंद यादव) को बाणगंगा क्षेत्र में महिला को परेशान करने वाले आरोपी को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबोचने के लिए पुरस्कृत किया गया। :: प्रशासनिक और यातायात प्रबंधन में भी अग्रणी :: सम्मान पाने वालों में केवल फील्ड ऑफिसर ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक दक्षता और यातायात व्यवस्था संभालने वाले जवान भी शामिल रहे: - प्रशासनिक दक्षता : सहायक उपनिरीक्षक (अ) वीणा गौतम, शुभम मिश्रा और पूजा राठौर को ई-एचआरएमएस पोर्टल पर पुलिस कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाएं समय-सीमा में ऑनबोर्ड करने और अन्य जिलों को प्रशिक्षण देने के लिए सराहा गया। - यातायात प्रहरी : एप्पल टी चौराहे पर अनुशासित यातायात प्रबंधन के लिए आरक्षक हरिराम कुलमी तथा नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी चालानी कार्यवाही हेतु हरिराम जोजावरे और सृष्टि राठौर को पुरस्कृत किया गया। :: उत्साहवर्धन से बढ़ती है कार्यक्षमता :: पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने सभी पुरस्कृत जवानों को बधाई देते हुए कहा कि जनसेवा और अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही पुलिस का प्राथमिक कर्तव्य है। उन्होंने प्रोत्साहित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विभाग के अन्य कर्मचारियों में भी स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत होती है और वे समाज के लिए बेहतर कार्य करने हेतु प्रेरित होते हैं। प्रकाश/03 फरवरी 2026