राज्य
03-Feb-2026
...


:: नियम मानने वालों को मिला सम्मान, उल्लंघन करने वालों को चालान के साथ मिली सुरक्षा की सीख :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की सड़कों पर हादसों को रोकने और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान को नए आयाम दिए जा रहे हैं। मंगलवार को पलासिया चौराहे पर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) आर.के. सिंह के नेतृत्व में एक वृहद हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान न केवल हेलमेट वितरित किए गए, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों की गंभीरता भी समझाई गई। अभियान के दौरान पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने उन वाहन चालकों को हेलमेट प्रदान किए जिनके पास लाइसेंस और वाहन के दस्तावेज तो पूर्ण थे, लेकिन वे हेलमेट नहीं लगाए थे। दिलचस्प बात यह रही कि जिन चालकों ने नियमों का उल्लंघन किया, उनका पहले नियमानुसार चालान बनाया गया और फिर सुरक्षा का महत्व समझाते हुए उन्हें हेलमेट भेंट किया गया। वहीं, जो जिम्मेदार चालक पहले से हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे थे, उन्हें पुलिस अधिकारियों ने प्रशंसा पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कई वाहन चालकों ने पुलिस कमिश्नर के साथ अपने अनुभव साझा किए। किसी ने पिछली दुर्घटना से मिले सबक तो किसी ने पुलिस की इस मुहिम से प्रेरित होकर भविष्य में हमेशा हेलमेट पहनने का संकल्प लिया। वाहन चालकों ने यह भी वादा किया कि वे न केवल स्वयं नियमों का पालन करेंगे, बल्कि अपने परिवार और परिचितों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि इंदौर के यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए जनभागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों का एकमात्र उद्देश्य यह है कि वाहन चालक स्वेच्छा से नियमों का पालन करें, न कि दंड के डर से। उन्होंने जिम्मेदार नागरिकों से अपील की कि वे समाज में सुरक्षा दूत बनकर अन्य लोगों को भी हेलमेट और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। यातायात पुलिस द्वारा शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी ऐसे ही जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। प्रकाश/03 फरवरी 2026