राज्य
03-Feb-2026


जबलपुर (ईएमएस)। म.प्र. शासन द्वारा लगातार जरूरतमंदों के उत्थान के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। इसी कड़ी में शासन ने प्रदेशभर में संकल्प से समाधान अभियान का भी शुभारंभ किया है, जिसके अंतर्गत नगर निगम जबलपुर द्वारा संभागवार एवं वार्डवार शिविरों का आयोजन कर लगातार हितग्राहियों को लाभांवित किया जा रहा है। जन-कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से ’संकल्प से समाधान’ अभियान के तहत वार्ड स्तरीय शिविरों का सिलसिला जारी है। इन शिविरों के माध्यम से अब तक लगभग 14 हजार हितग्राही लाभान्वित हो चुके हैं, जो नगर प्रशासन की जनहितैषी नीतियों की सफलता को दर्शाता है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार आज इसी क्रम में आज शहर के 4 अलग-अलग संभागों क्रमशः राधा कन्या शाला, इमली मैदान बधईया मोहल्ला, कमेटी हॉल संजय नगर, एवं झब्बा कराने के सामने बड़ा पत्थर में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया, जहाँ सुबह से ही हितग्राहियों की भारी भीड़ देखने को मिली। आयोजित शिविर में 800 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही संबंधित अधिकारियों द्वारा परीक्षण कर निराकरण की प्रक्रिया शुरू की गई। नगर निगम के इन शिविरों का मुख्य आकर्षण ’एक ही छत के नीचे’ विभिन्न समस्याओं का समाधान होना है। शिविरों में संपत्ति कर, जल कर, स्वच्छता संबंधी शिकायतों के साथ-साथ शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पीएम स्वनिधि, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, संबल योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना, पात्रता पर्ची, ई केवाईसी के फॉर्म भी भरे जा रहे हैं। निगमायुक्त का कहना है कि शिविरों का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासन की योजनाओं को पहुँचाना है। शिविर में आए नागरिकों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिली है और उनके काम सुगमता से हो रहे हैं। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने नागरिकों से अपील की है कि वे आगामी शिविरों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें। सुनील साहू / मोनिका / 03 फरवरी 2026/ 06.35