राज्य
03-Feb-2026


हाथरस (ईएमएस)। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर गत वर्षों की तरह इस बार भी 15 फरवरी को सिकंदराराऊ में भव्य शिव-शक्ति संकीर्तन यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के सफल आयोजन को लेकर आयोजकों ने जोर-शोर से तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रा का शुभारंभ मोहल्ला गौसगंज स्थित शिवालय मंदिर से विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर किया जाएगा। इसके बाद भक्तों का जनसमूह संकीर्तन करते हुए पूरे कस्बे का भ्रमण करेगा। श्रद्धालु भजन-कीर्तन और शिव-स्तुतियों के बीच शिव के जयकारों से गुंजायमान होते हुए यात्रा में शामिल होंगे। कस्बा भ्रमण के पश्चात यात्रा वापस शिवालय मंदिर पहुंचकर समाप्त होगी। आयोजकों का कहना है कि इस धार्मिक यात्रा को और व्यापक बनाने के लिए कस्बे से लेकर आसपास के ग्रामीण अंचलों में प्रचार-प्रसार अभियान तेज कर दिया गया है। सभी शिवभक्तों से अपील की गई है कि वे बड़ी संख्या में इस पावन यात्रा में शामिल होकर इसे सफल बनाएं। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि यात्रा मार्ग और सुरक्षा के सभी प्रबंध पूर्णतः सुनिश्चित कर दिए गए हैं। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 03 फरवरी 2026