राज्य
03-Feb-2026


हाथरस (ईएमएस)। मिलावटी खाद्य पदार्थों और मिलावटखोरों के खिलाफ शासन के निर्देश पर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार छापेमारी और जांच अभियान चला रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को सासनी तहसील क्षेत्र स्थित गुप्ता एजेंसी पर एक शिकायत के आधार पर विभागीय टीम ने निरीक्षण किया और संदिग्ध खाद्य सामग्री के नमूने सीलबंद कर जांच के लिए भेज दिए। जिलाधिकारी के आदेशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विभाग को गुप्ता एजेंसी के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने दुकान पर पहुंचके छापा मारा। मौके पर खाद्य कारोबारी सूरज के पास बिक्री के लिए रखे पोला नमकीन और रस्क के नमूने लिए गए। दोनों नमूनों को संबंधित प्रयोगशाला में विश्लेषण के लिए भेज दिया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे तो खाद्य कारोबारी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 03 फरवरी 2026