राज्य
03-Feb-2026


हाथरस (ईएमएस)। सिकन्दराराऊ कोतवाली क्षेत्र के एक बाग में सट्टेबाजी के दौरान पुलिस ने तीन जुआरियों को धर दबोचा। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उनके पास से 20,600 रुपये नकद और ताश का पूरा पैकेट बरामद किया है। अभियुक्तों पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के आदेश पर जुए-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई हुई। अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में सिकंदराराऊ पुलिस ने मोहल्ला करीमनगर के पीछे स्थित एक बाग में छापा मारा। वहां शाहिद पुत्र अल्लादिया निवासी मटकोटा, गुलाब नबी पुत्र ताहिर निवासी मटकोटा और आदिल पुत्र नासिर निवासी करीमनगर को जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़ा। छापे के दौरान तीनों के कब्जे से कुल 20,600 रुपये नकदी और 52 पत्तों की ताश की गड्डी बरामद हुई। पुलिस ने सभी तीनों अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस द्वारा जुए और सट्टेबाजी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 03 फरवरी 2026