राज्य
03-Feb-2026
...


भोपाल/इन्दौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश लोकतंत्र सेनानी संघ की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक सोमवार को भोपाल स्थित वनवासी कल्याण परिषद कार्यालय में प्रदेशाध्यक्ष तपन भौमिक की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 21 मार्च को दिल्ली में आयोजित होने वाले लोकतंत्र विजय दिवस राष्ट्रीय सम्मेलन में मध्यप्रदेश से 150 सेनानियों के शामिल होने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष गिरीश शर्मा आदित्य ने बताया कि दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए विभिन्न जिलों से चयनित 150 लोकतंत्र सेनानियों की सूची और प्रवास योजना को अंतिम रूप दिया गया है। बैठक के दौरान कोषाध्यक्ष संतोष शर्मा ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया, जिस पर सदस्यों ने विचार-मंथन किया। :: ताम्र पत्र वितरण में विलंब पर चिंता :: कार्यसमिति ने दिवंगत लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान स्वरूप दिए जाने वाले ताम्र पत्र वितरण में हो रहे प्रशासनिक विलंब पर गंभीर चिंता व्यक्त की। संघ ने शासन से मांग की है कि इस प्रक्रिया में तेजी लाकर सेनानियों के परिवारों को शीघ्र सम्मानित किया जाए। बैठक को पूर्व मंत्री रामकृष्ण कुसुमार्या, महामंत्री सुरेन्द्र द्विवेदी, कृष्ण वीर सिंह ठाकुर, महेंद्र नाहर और इंदौर जिलाध्यक्ष गणेश अग्रवाल सहित उज्जैन, विदिशा एवं अन्य जिलों के पदाधिकारियों ने संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में दिवंगत सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और जगदीश अग्रवाल ने आभार प्रदर्शन किया। प्रकाश/03 फरवरी 2026