:: कुल 62 आवेदनों पर हुई सुनवाई; आयुक्त क्षितिज सिंघल ने अधिकारियों को दी त्वरित निराकरण की डेडलाइन :: इंदौर (ईएमएस)। आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए नगर निगम मुख्यालय में आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान निगम के शीर्ष अधिकारियों की उपस्थिति में आयुक्त ने नागरिकों की व्यक्तिगत और सार्वजनिक शिकायतों को सुना और उनके वैधानिक निराकरण के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को कड़े निर्देश दिए। आयुक्त क्षितिज सिंघल ने अपने कक्ष में अपर आयुक्त, उपायुक्त, सहायक आयुक्त, अधीक्षण यंत्री और विभिन्न विभागों के प्रमुखों के साथ नागरिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान राजस्व, मार्केट, भवन अनुज्ञा, स्वास्थ्य, रिमूवल, सीवरेज और जनकार्य विभाग से संबंधित कुल 62 आवेदन प्राप्त हुए। जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों की प्रकृति को देखते हुए आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदनों को केवल फाइलों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका नियमानुसार शीघ्र निराकरण कर संबंधित नागरिक को सूचित किया जाए। विशेषकर स्वास्थ्य और सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही करने पर जोर दिया गया। प्रकाश/03 फरवरी 2026