:: पुलिस कमिश्नर ने प्रहरियों को जैकेट और कैप देकर किया प्रोत्साहित; नुक्कड़ नाटक टीम को भी मिला सम्मान :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और सुखद बनाने के लिए इंदौर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ट्रैफिक प्रहरी अभियान को जनमानस का अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है। पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर, संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में शुरू हुई इस अनूठी पहल से अब तक शहर के 2990 जागरूक नागरिक जुड़ चुके हैं। मंगलवार को कमिश्नर कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में नए प्रहरियों को आवश्यक किट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बेहतर यातायात प्रबंधन में सराहनीय योगदान देने वाले सार्थक शर्मा, शेखर चौहान और पवन उपाध्याय को सम्मानित किया। साथ ही, यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने वाले नटराज थिएटर ग्रुप के अर्जुन नायक और उनकी नुक्कड़ नाटक टीम को शील्ड व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। अभियान से जुड़ने वाले नए प्रहरियों को कैप, जैकेट, सीटी, लाइट बेटन और बैज वितरित किए गए, ताकि वे चौराहों पर पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सेवा दे सकें। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को यातायात प्रबंधन की प्रक्रिया का हिस्सा बनाना है। उन्होंने कहा कि जब नागरिक स्वयं नियमों का पालन करेंगे और दूसरों को प्रेरित करेंगे, तभी इंदौर का यातायात आदर्श बन पाएगा। अभी तक लगभग तीन हजार नागरिक अपनी सुविधानुसार विभिन्न चौराहों पर सेवा दे रहे हैं, जो समाजहित में एक बड़ी उपलब्धि है। इंदौर पुलिस ने आमजन से इस मुहिम का हिस्सा बनने की अपील की है। कोई भी जिम्मेदार नागरिक पुलिस द्वारा जारी क्यूआर कोड को स्कैन कर गूगल फॉर्म के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकता है। खास बात यह है कि स्वयंसेवक अपनी सुविधानुसार समय और चौराहे का चयन कर सकते हैं। ट्रैफिक प्रहरी न केवल पुलिस की सहायता करेंगे, बल्कि नागरिकों में नियमों के प्रति जागरूकता लाने में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। प्रकाश/03 फरवरी 2026