राज्य
05-Feb-2026
...


- नक्सली कमांडर के मारे जाने की खबर बीजापुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। यह मुठभेड़ पेद्दागेलूर के घने जंगल क्षेत्र में चल रही है, जहां एक नक्सली कमांडर उधम सिंह के मारे जाने की खबर सामने आई है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही की जाएगी। जानकारी के अनुसार, डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के जवानों के साथ नक्सलियों की रुक-रुक कर फायरिंग जारी है। घटनास्थल से एक ऑटोमेटिक AK-47 राइफल और एक शव बरामद होने की सूचना मिली है, जिसे नक्सली कमांडर से जोड़कर देखा जा रहा है। बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि इलाके में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी ली जा रही है, ताकि अन्य नक्सलियों की मौजूदगी और गतिविधियों का पता लगाया जा सके। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। विस्तृत जानकारी सर्च ऑपरेशन समाप्त होने के बाद ही आधिकारिक तौर पर जारी की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 फरवरी 2026