श्योपुर ( ईएमएस ) | कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में सांदीपनि विद्यालय श्योपुर में विद्यार्थियों के लिए ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण संपन्न हुआ। सांदीपनि विद्यालय में आयोजित परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नीरज जाट ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा को बोझ न समझें, बल्कि इसे अपने ज्ञान और मेहनत को परखने का अवसर मानें। उन्होंने आत्मविश्वास, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा की तैयारी करने पर जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्राचार्य श्री अशोक खंडेलवाल ने विद्यार्थियों को परीक्षा से पूर्व समय प्रबंधन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सही रणनीति और धैर्य के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने परीक्षा से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका अतिथियों द्वारा समाधान किया गया। कार्यक्रम से विद्यार्थियों में उत्साह एवं आत्मविश्वास का संचार हुआ। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा आभार व्यक्त किया गया।