कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न नर्मदापुरम (ईएमएस)। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने हेतु संबंधित विभागों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि हाईवे एवं अन्य प्रमुख मार्गों पर चिन्हित किए गए अतिक्रमण को सख्ती से हटाया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि विभिन्न विभागों द्वारा अतिक्रमण हटाने हेतु नोटिस जारी कर की गई कार्यवाही की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। कलेक्टर ने जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट के सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश देते हुए कहा कि जहां आवश्यकता हो वहां अंडर पास निर्माण, रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर अथवा अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही उन्होंने लोक निर्माण विभाग को लोक पथ एप का जनसामान्य के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिक सड़क सुरक्षा एवं मरम्मतीकरण से जुड़े इस बहुउपयोगी एप की जानकारी प्राप्त कर सकें। बैठक में कलेक्टर ने नियमित चेकिंग के माध्यम से वाहनों को सही लेन में चलाने हेतु निरंतर जागरूकता प्रसारित करने के निर्देश दिये। उन्होंने रहवीर योजना के संबंध में नियमित जन-जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए, जिससे गोल्डन आवर के दौरान सड़क दुर्घटना पीड़ितों को शीघ्र नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपचार मिल सके और जनहानि में कमी लाई जा सके। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को निर्देश दिए कि कैशलेस उपचार योजना के तहत निजी अस्पतालों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही जिला अस्पताल में एक समर्पित सेल का गठन कर एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए, जो संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपादित करें। उन्होंने मेडलेपर प्रक्रिया के शत-प्रतिशत ऑनलाइन क्रियान्वयन को प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा किसी भी प्रकरण को ऑफलाइन दर्ज न करने के लिए भी निर्देशित किया। इसके साथ ही पुलिस विभाग से समन्वय कर बीएमओ सहित अन्य स्वास्थ्य अमले को आवश्यक प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने स्कूल एवं उच्च शिक्षा के अंतर्गत आने वाले सभी शैक्षणिक संस्थानों में सड़क सुरक्षा नियमों को लेकर नियमित जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्ण एस. थोटा, अपर कलेक्टर श्री अनिल जैन, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्रीमती रिंकू शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे। ईएमएस / /06,फरवरी,2026