क्षेत्रीय
06-Feb-2026
...


नरसिंहपुर, (ईएमएस)। प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तेंदूखेड़ा में आयोजित परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का संजीव प्रसारण देखा व सुना। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने एवं तनावमुक्त रहकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा परीक्षा पर चर्चा के माध्यम से विद्यार्थियों को तनावमुक्त जीवन के गुणसूत्र बताए। प्रधानमंत्री जी ने विद्यार्थियों से जीवन कौशल एवं व्यावसायिक विकास पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया। इस अवसर पर मंत्री श्री सिंह द्वारा परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अनुशासन को सुदृढ़ करने एवं विद्यार्थियों को भविष्य के लिए सक्षम बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जो व्यक्ति समय का सही प्रबंधन कर लेता है, वह जीवन में कभी असफल नहीं होता। समय अनुशासन सिखाता है और अनुशासन के साथ जिया गया जीवन ही सफलता की सच्ची पहचान है। उन्होंने कहा कि जब तक असंभव को करने का प्रयास नहीं किया जाएगा, तब तक असाधारण उपलब्धि प्राप्त नहीं हो सकती। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी प्रत्येक वर्ष देश के विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर परीक्षा के समय उनके तनाव को कम करने का प्रयास करते हैं। यह विश्व में पहला अवसर है जब किसी देश के प्रधानमंत्री बच्चों के साथ सीधे संवाद कर उन्हें प्रेरित करते हैं, जो हम सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के नामांकन में वृद्धि के लिए विभाग एवं शिक्षक निरंतर प्रयासरत हैं। विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा स्मार्ट क्लास जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं मुहैया करा रही है, जिससे बच्चों की शिक्षा में गुणवत्ता आए और उनका भविष्य उज्ज्वल बने। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्री विष्णु शर्मा, श्री सोनू महाराज, श्री बृजेंद्र पटेल, श्री राजीव अग्रवाल, श्री डालचंद पटेल, श्री शिवदयाल खीरोनिया, श्री सुनील जैन, श्री पुरुषोत्तम पटेल, श्री गगन अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। राहुल वासनिक / 06 फरवरी 2026