क्षेत्रीय
06-Feb-2026


हाथरस (ईएमएस)। कोतवाली हाथरस क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षक और स्कूल के अन्य स्टाफ सदस्यों को परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी गई है। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर सुरक्षा और कार्रवाई की गुहार लगाई है।अनमोल व्यू कॉलोनी, गली नंबर-1 निवासी शिक्षक पवनेन्द्र यादव ने तहरीर में बताया कि 4 फरवरी को उनके आवास पर एक धमकी भरा पत्र मिला, जिसमें उन्हें, उनके परिवार तथा स्कूल स्टाफ के श्याम हरी कौशिक, राजीव कुमार, कृष्ण कुमार, अनुज लूथरा और उनके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी गई। पत्र में अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया गया है। तहरीर के अनुसार, इसी प्रकार का एक पत्र 22 जनवरी 2026 को विद्यालय में प्रधानाचार्य शिव कुमार शर्मा के नाम से भी प्राप्त हुआ था, जिसकी जानकारी स्टाफ को नहीं दी गई। बाद में पूछताछ पर प्रधानाचार्य ने पत्र मिलने की बात स्वीकार की, लेकिन केवल एक कटा हुआ पत्र उपलब्ध कराया, जबकि दूसरे पत्र को देने से इनकार कर दिया। इसको लेकर प्रधानाचार्य की भूमिका को संदिग्ध बताया गया है।लगातार मिल रही धमकियों से शिक्षकों और उनके परिवारों में भय का माहौल है। पीड़ितों का कहना है कि वे घर से बाहर निकलने और स्कूल आने-जाने में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पवनेन्द्र यादव सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने हस्ताक्षरयुक्त तहरीर देकर पुलिस से मामले में जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ईएमएस / 06/02/2026