हाथरस (ईएमएस)। शहर एवं जिले में तेज रफ्तार और पटाखा जैसी आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे बाइकों पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में प्रभारी यातायात पुलिस अनूप कुमार द्वारा शहर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर वाहन चेकिंग की गई, जिसमें तीन रॉयल इन्फील्ड बुलेट मोटरसाइकिलें मॉडिफाइड साइलेंसर युक्त पाई गईं। पुलिस ने एमवी एक्ट के तहत चालान करते हुए मौके पर ही साइलेंसर उतरवाए।इसके साथ ही मोटरसाइकिल रिपेयरिंग दुकानों के संचालकों को नोटिस देकर स्पष्ट किया गया कि वे वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर न लगाएं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। ईएमएस / 06/02/2026