क्षेत्रीय
06-Feb-2026


निगम में चल रही घूसखोरी, कमीशनखोरी, डीजल चोरी व टैक्स चोरी की हो उच्च स्तरीय जांच छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। भाजपा शासित नगर निगम में जारी भ्रष्टाचार पर भाजपा के ही दो पार्षदों ने पुख्ता मुहर लगा दी है। कांग्रेस द्वारा यह आरोप लगाए गए है कि भाजपा शासित नगर पालिक निगम में लम्बे समय से कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार किया जा रहा है। अब भाजपा के दो पार्षदों ने ये आरोप लगाकर कांग्रेस के आरोपों को सही साबित किया है। निगम में नेता प्रतिपक्ष हंसा अंबर दाढे ने कहा कि निगम में भ्रष्टाचार के आरोपों को भाजपा नेता अस्वीकार करते हैं लेकिन भाजपा पार्षदों द्वारा यह कहना कि नगर निगम में भुगतान के एवज में कमीशन पहले से तय है। डीजल की बड़े पैमाने पर चोरी जारी है। सवाल यह है कि जब भाजपा के पार्षद यह बात कह रहे तो सरकार किस मुंह से इन आरोपों से इनकार कर सकती है। हंसा दाढ़े ने कहा कि शहर की जनता पर सफाई कर, सम्पत्ति कर व जलकर का बढ़ा बोझ डाला। इसके बाद भी निगम के आर्थिक हालात ठीक क्यूं नहीं है बढ़ाकर लिए टैक्स की राशि कहां और किसकी जेब में जा रही इसका जबवा देना होगा। भाजपा की नगर निगम सरकार में चल रही घूसखोरी, कमीशनखोरी, डीजल चोरी व टैक्स राशि के दुरुपयोग की उच्च स्तरीय व निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही दोषी अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। हड़ताल खत्म करने का श्रेय राजनीतिक दिखावा हड़ताली कर्मचारियों से बात कर उनकी हड़ताल खत्म कराने सांसद के प्रयास को उन्होंने राजनीतिक दिखावा बताया है। महिला कांग्रेस की युवा नेत्री ने कहा कि अगर सत्ताधारी दल के नेता श्रेय लेना चाहते हैं, तो उन्हें यह भी जवाब देना चाहिए कि ट्रिपल इंजन की सरकार के बावजूद नगर निगम कर्मचारियों को अपनी मजदूरी अपने वेतन के लिए बार-बार सडक़ों पर क्यों उतरना पड़ता है। निगम में जो भारी गोलमाल चल रह है उसकी जिम्मेदारी भी सांसद को लेनी चाहिए। ईएमएस / 06/02/2026