छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। सहायक आयुक्त, जनजाति कार्य विभाग सतेंद्र सिंह मरकाम द्वारा आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों के मद्देनजऱ हर्रई विकासखंड अंतर्गत भूमका हाई स्कूल एवं धनोरा हायर सेकेंडरी स्कूल स्थित बोर्ड परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा से पूर्व की जा रही व्यवस्थाओं एवं शैक्षणिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त द्वारा परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं, कक्ष व्यवस्था, अनुशासन एवं शैक्षणिक वातावरण का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। इस अवसर पर सहायक आयुक्त ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद करते हुए उनकी परीक्षा संबंधी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से पूछा कि वे परीक्षा के लिए किस प्रकार की तैयारी कर रहे हैं, किन विषयों पर अधिक ध्यान दे रहे हैं तथा क्या उन्हें परीक्षा को लेकर किसी प्रकार का डर या तनाव महसूस हो रहा है। सहायक आयुक्त ने बच्चों को समझाया कि परीक्षा के समय मन में किसी भी प्रकार का भय नहीं होना चाहिए, बल्कि आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से साइंस विषय की तैयारियों के बारे में छात्रों से चर्चा की तथा विज्ञान से संबंधित कुछ प्रश्न पूछकर उनकी समझ और तैयारी का आकलन किया। साथ ही बच्चों को नियमित रिवीजन करने, समय प्रबंधन पर ध्यान देने और कठिन विषयों को सरल तरीके से समझने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन सहायक आयुक्त ने छात्र-छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने की सलाह देते हुए कहा कि यदि वे पूरे मनोयोग और आत्मविश्वास के साथ तैयारी करें, तो बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करना भी संभव है। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों को भी निर्देशित किया गया कि वे परीक्षा पूर्व विद्यार्थियों को निरंतर मार्गदर्शन प्रदान करें, उनकी शंकाओं का समाधान करें और एक सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखें, जिससे छात्र बिना तनाव के परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। ईएमएस / 06/02/2026