क्षेत्रीय
06-Feb-2026


हर्रई के ठोलनगर गांव की घटना, पुलिस कर रही जांच छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। हर्रई थाना क्षेत्र के ठोलनगर गांव में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। मां बनने की दहलीज पर खड़ी 22 वर्षीय लक्ष्मी पति धर्मेन्द्र परतेती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सबसे पीड़ादायक पहलू यह रहा कि उसके गर्भ में पल रहा शिशु भी दुनिया में आने से पहले ही दम तोड़ गया। परिजनों के अनुसार लक्ष्मी को प्रसव पूर्व अचानक तेज तकलीफ होने लगी। घबराए परिजन उसे तत्काल हर्रई अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल छिंदवाड़ा रेफर कर दिया। परिजन उम्मीद और दुआओं के सहारे उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। चिकित्सकों ने जांच के बाद लक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया। साथ ही गर्भस्थ शिशु की भी मृत्यु की पुष्टि की गई। इस घटना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में जहां कुछ दिनों बाद किलकारी गूंजने की उम्मीद थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। गांव में भी शोक का माहौल है और हर किसी की आंखें नम हैं। परिजनों की माने तो यहां रहने वाले लक्ष्मी परतेती को तेज प्रसव पीड़ा हो रही थी तो परिजन उसे यहां के प्राथमिक स्वास्थ केंद्र ले गए लेकिन हालत गंभीर होने से चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक जांच के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया जिला अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। साथ ही पुष्टि हुई कि गर्भ में पल रहे शिशु की भी मृत्यु हो चुकी है। महिला की मौत के कारणों को जानने के लिए पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है । पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। ईएमएस / 06/02/2026