छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। कोयलांचल के जुन्नारदेव डुंगरिया निवासी युवक की सर्पदंश से उस समय मौत हो गई जब उक्त युवक घर में घुसे जहरीले सांप को पकड़ रहा था उसी समय सांप ने उसे डस लिया। गम्भीर हालत में उसे गुरूवार शाम जिला अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। नागपुर ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया । वहीं परिजन सांप को डिब्बे में बंद कर अस्पताल लेकर पहुंचे सांप को देख चिकित्सक भी भयभीत हो गए बाद में चिकित्सकों ने मृतक के परिजनों को सांप को छोडऩे कहकर कमरे से बाहर कर दिया । दूसरी तरफ परिजनों का कहना था कि उन्होनें सांप को इसलिए पकड़ कर लाया ताकि इलाज में कुछ मदद मिल सके। अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार जुन्नारदेव के डुंगरिया निवासी राकेश पिता सुरेश बर्मन (३७) के घर में एक जहरीला सांप घुस गया था इसे पकडऩे के लिए राकेश प्रयास कर रहा था इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। जिससे उसकी मौत हो गई । पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा और पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ईएमएस / 06/02/2026