क्षेत्रीय
07-Feb-2026
...


सरगुजा(ईएमएस)। शहर के बीच स्थित देव होटल में शनिवार को कथित फायरिंग की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। गोली चलने की खबर फैलते ही आसपास दहशत का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस ने अब तक फायरिंग की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है। जानकारी के मुताबिक, होटल परिसर में अचानक दो राउंड गोली चलने जैसी आवाज सुनाई देने की बात सामने आई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कोतवाली और गांधीनगर थाना पुलिस की टीम, एएसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिसर में फायरिंग हुई हो सकती है, लेकिन किसने गोली चलाई और किस दिशा में चलाई, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या नुकसान की सूचना नहीं है। वहीं सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि पुराने विवाद के चलते हनी सिंह नाम के युवक का कुछ लोगों ने बनारस रोड पर पीछा किया और उसकी गाड़ी रोकने की कोशिश की। इसके बाद वह अपने होटल पहुंच गया। फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हनी सिंह से पूछताछ की, जिसमें उसने किसी भी तरह की फायरिंग से इनकार किया। एएसपी के मुताबिक अब तक जांच में गोली चलने के कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं और स्थिति पूरी तरह सामान्य है। साथ ही, कार से पीछा किए जाने के मामले में संबंधित पक्ष को शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 फरवरी 2026