बिलासपुर (ईएमएस)। अटल बिहारी वाजपेई विश्वविद्यालय, बिलासपुर की महिला कबड्डी टीम अखिल भारतीय विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु आज हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला के लिए रवाना हुई। ईस्ट ज़ोन प्रतियोगिता में चैंपियन बनकर राष्ट्रीय स्तर पर पहुंची टीम को प्रस्थान से पूर्व विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति आचार्य श्री ए.डी.एन. बाजपेई ने शुभकामनाएं दीं तथा खिलाडय़िों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय और छत्तीसगढ़ दोनों के लिए गर्व का विषय है तथा खिलाडिय़ों को पूरे आत्मविश्वास के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करना चाहिए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के खेल संचालक डॉ. प्रमोद तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। टीम मैनेजर के रूप में डॉ. वसंत अंचल खिलाडिय़ों के साथ धर्मशाला रवाना हुए हैं। टीम में संजू देवी, रोशनी, जागृति यादव, सिमरन, मनीषा, निधि, अनु, नूतन, सरोजिनी, त्रिजा ज्योति एक्का, शब्बो, चांदनी, संध्या चौहान एवं रुखसार शामिल हैं।उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में देशभर से कुल 16 टीमों का चयन किया गया है, जिनमें से शीर्ष 8 टीमों को आगामी सत्र में खेलो इंडिया प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय परिवार को पूर्ण विश्वास है कि एबीवीवी की महिला कबड्डी टीम शानदार प्रदर्शन कर शीर्ष तीन में स्थान प्राप्त करेगी और छत्तीसगढ़ प्रदेश व विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय पटल पर गौरवान्वित करेगी। खिलाडय़िों के जोश और तैयारी को देखते हुए स्वर्णिम सफलता की उम्मीद जताई जा रही है। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 07 फरवरी 2026