- उमेश पटेल का भाजपा पर तीखा हमला बिलासपुर (ईएमएस)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के नगर पालिका बोदरी में जिलास्तरीय मशाल यात्रा एवं जन आक्रोश सभा का आयोजन किया गया। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राजू किशन यादव एवं बिल्हा विधानसभा अध्यक्ष सुनील साहू के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण शामिल हुए। गुरुवार शाम 7 बजे चकरभाठा के अचानकपुर चौक से हाथों में मशाल लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए नगर भ्रमण किया। झूलेलाल मंदिर के पास यह यात्रा जन आक्रोश सभा में परिवर्तित हो गई। सभा के मुख्य वक्ता मनरेगा बचाओ संग्राम के प्रदेश समन्वयक एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार मनरेगा की कानूनी गारंटी समाप्त कर ग्रामीणों से रोजगार का अधिकार छीन रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर गहरा संकट आएगा। पूर्व जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि प्रदेश सरकार की लचर व्यवस्था के कारण लाखों किसानों की धान खरीदी नहीं हो सकी, जिससे किसान मजबूरी में अपना धान औने-पौने दामों पर बिचौलियों को बेचने को विवश हैं। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने सरकार की नीतियों को किसान और मजदूर विरोधी बताते हुए कहा कि जनता बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। सभा को विधायक दिलीप लहरिया, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, गीतांजलि कौशिक एवं प्रमोद नायक ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे और सरकार की नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 07 फरवरी 2026