व्यापार
07-Feb-2026
...


- भारतीय शेयर बाजार ने ट्रेड डील और बजट के असर के चलते उतार-चढ़ाव भरा प्रदर्शन दर्ज किया मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार ने इस सप्ताह उतार-चढ़ाव भरा प्रदर्शन देखा, जिसमें व्यापार समझौते और बजट के प्रभाव ने निवेशकों की भावना पर बड़ा असर डाला। सप्ताह की शुरुआत सोमवार को लाल निशान पर हुई, लेकिन ब्लू-चिप कंपनियों में मजबूती और मूल्य-खरीदारी ने सेंसेक्स और निफ्टी को सकारात्मक रुख अपनाने के लिए प्रेरित किया। बीएसई सेंसेक्स 302 अंक की बढ़त के साथ 81,024.94 पर पहुंचा, जबकि एनएसई निफ्टी 59.25 अंक बढ़कर 24,884.70 पर बंद हुआ। रुपया भी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 37 पैसे मजबूत होकर 91.56 पर आ गया। मंगलवार को भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते की घोषणा ने बाजार में उत्साह भर दिया। सेंसेक्स ने दिन में 4,205.27 अंक की छलांग लगाते हुए 85,871.73 के उच्चतम स्तर को छुआ और अंततः 2,072.67 अंक बढ़कर 83,739.13 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 682 अंकों की तेजी के साथ 25,770.40 पर बंद हुआ। यह सप्ताह का सबसे जोरदार रुख रहा, जिससे निवेशकों की विश्वास में स्पष्ट बढ़त देखने को मिली। सप्ताह के मध्य बुधवार को बाजार मामूली तेजी के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 78.56 अंक बढ़कर 83,817.69 पर और निफ्टी 48.45 अंक बढ़कर 25,776 पर बंद हुआ। हालांकि गुरुवार को बाजार फिर लाल निशान में आ गया, सेंसेक्स 503.76 अंक गिरकर 83,313.93 और निफ्टी 133.20 अंक गिरकर 25,642.80 पर बंद हुए। यह गिरावट कुछ हद तक अमेरिकी बाजारों में कमजोरी और तकनीकी सुधार की वजह से आई। सप्ताह के अंत में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में कमजोरी के बावजूद बाजार ने रिकवरी की। सेंसेक्स 266.47 अंक की बढ़त के साथ 83,580.40 पर और निफ्टी 50.90 अंक की तेजी के साथ 25,693.70 पर बंद हुआ। कुल मिलाकर इस सप्ताह भारतीय शेयर बाजार ने अमेरिका-भारत व्यापार समझौते और बजट के असर के चलते उतार-चढ़ाव भरा प्रदर्शन दर्ज किया। निवेशकों की निगाहें अब अगले सप्ताह के आर्थिक संकेतकों और वैश्विक बाजार की दिशा पर टिकी हैं, जिससे बाजार की स्थिरता और रुझान तय होने की संभावना है। सतीश मोरे/07फरवरी ---