व्यापार
07-Feb-2026


- डॉलर-रुपया विनिमय दर 90-91 रुपये प्रति डॉलर के दायरे में रहने का अनुमान मुंबई (ईएमएस)। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने हाल ही में अपनी नीतिगत समीक्षा में ब्याज दरों को पहले के स्तर पर बनाए रखने और नीति को तटस्थ रखने का निर्णय लिया। गवर्नर ने स्पष्ट किया कि कर्ज का प्रवाह अर्थव्यवस्था की उत्पादक गतिविधियों के अनुसार होगा, जिससे आर्थिक विकास को सहारा मिलेगा। आरबीआई ने कहा कि बैंकिंग प्रणाली में तरलता पर्याप्त स्तर पर रहेगी। चालू वित्त वर्ष में बैंकिंग प्रणाली में लगभग 13 लाख करोड़ रुपये की नकदी डाली गई है। बैंकों का अनुमान है कि अगले वित्त वर्ष में 4-5 लाख करोड़ रुपये अतिरिक्त तरलता उपलब्ध कराई जा सकती है। यह कदम बॉन्ड और कॉल मनी मार्केट सहित सभी वित्तीय बाजारों में नीतिगत प्रभावों के प्रसार में मदद करेगा। अमेरिका और यूरोपीय संघ के साथ हाल में घोषित व्यापार समझौतों से देश की आर्थिक वृद्धि के अनुमान 6.9 फीसदी से बढ़कर 7.1-7.2 फीसदी तक पहुंच सकते हैं। बैंकिंग विशेषज्ञों के अनुसार यह वृद्धि निवेश और निर्यात गतिविधियों में सकारात्मक प्रभाव डाल सकती है। डॉलर-रुपया विनिमय दर 90-91 रुपये प्रति डॉलर के दायरे में रहने का अनुमान है। वहीं 10 वर्ष की मियाद वाले सरकारी बांड पर यील्ड 6.65-6.80 फीसदी के बीच रहने की उम्मीद है। चालू वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में मुद्रास्फीति 3.2 फीसदी रहने का अनुमान है, जबकि पूरे वर्ष के लिए 2.1 फीसदी का अनुमान रखा गया है। अगले वित्त वर्ष में शुद्ध सरकारी उधारी हल्की बढ़कर 11.7 लाख करोड़ रुपये रहने की संभावना है। सतीश मोरे/07फरवरी ---