कांकेर(ईएमएस)। जिले में रायपुर से पति से मिलने पहुंची एक महिला के साथ कथित तौर पर पति और सास द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रायपुर निवासी आंचल शर्मा (31 वर्ष) ने कांकेर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके पति साकेत शर्मा नगर पालिका कांकेर में कोऑर्डिनेटर पद पर कार्यरत हैं और टिकरापारा कांकेर में रहते हैं। महिला का आरोप है कि वह सुबह पति से मिलने कांकेर पहुंची। दरवाजा खुलते ही पति और उनकी मां उत्तरा देवी शर्मा उर्फ रंजना शर्मा ने गाली-गलौज शुरू कर दी और यहां आने को लेकर विवाद करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की। महिला ने बताया कि इस घटना में उनके हाथ-पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में अंदरूनी चोटें आई हैं। पीड़िता के अनुसार उनकी शादी जून 2023 में हिंदू रीति-रिवाज से दुर्ग निवासी साकेत शर्मा से हुई थी। शादी के बाद से विभिन्न बातों को लेकर लगातार प्रताड़ना और मारपीट का आरोप भी उन्होंने लगाया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी कांकेर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें जून 2025 में न्यायालय के माध्यम से राजीनामा हुआ था, लेकिन इसके बाद भी प्रताड़ना जारी रही। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)07 फरवरी 2026