क्षेत्रीय
07-Feb-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले में भालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ती जा रही है। अब भालू रिहायशी इलाकों तक पहुंचने लगे हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। बासनवाही क्षेत्र के ग्राम छापरपारा में पिछले कुछ दिनों से भालुओं का एक दल डेरा डाले हुए है। हालात ऐसे हैं कि शाम ढलते ही ग्रामीण अपने घरों में कैद होने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के अनुसार भालुओं का दल रोज रात गांव में प्रवेश करता है। वे गलियों में घूमने के साथ-साथ घरों में घुसने की कोशिश भी कर रहे हैं। कई बार लोहे और लकड़ी के फाटक तोड़कर घरों के भीतर घुसने की कोशिश की गई है। भालू घरों में रखे गुड़, तेल और अन्य खाद्य सामग्री को नुकसान पहुंचा रहे हैं। हाल ही में भालुओं ने चंद्रभान साहू के घर को निशाना बनाया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। चंद्रभान साहू ने बताया कि भालू मुख्य फाटक तोड़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन घरवालों के जागने और शोर मचाने पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए, जिसके बाद भालू वहां से भाग गए। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार अब भी सहमा हुआ है। भालुओं की लगातार मौजूदगी से गांव में दहशत का माहौल है। महिलाएं और बच्चे सबसे अधिक भयभीत हैं। ग्रामीणों को रातभर लाठी-डंडे लेकर पहरा देना पड़ रहा है और अंधेरा होते ही सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और भालुओं के आतंक से राहत दिलाने की मांग की है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)07 फरवरी 2026