क्षेत्रीय
07-Feb-2026
...


- चिठ्ठी में लिखा 25 लाख चुकाओ वरना गांव में आग लगा देंगे राजगढ़ (ईएमएस ) जिले में नातरा-झगड़ा कुप्रथा के नाम पर सामाजिक दबाव अब खुले अपराध का रूप लेता जा रहा है। वयस्क युवक और युवती के प्रेम विवाह से नाराज युवती के परिजनों ने कानून का सहारा लेने के बजाए धमकी, हिंसा और डर फैलाने का रास्ता अपनाया। चाटूखेड़ा गांव की सीमा पर स्थित खेतों में खड़ी गेहूं की फसल काटकर नष्ट कर दी गई और खेत में ही झगडा की चिठ्ठी छोड़ी गई। चिठ्ठी में 25 लाख रुपए झगड़ा की रकम चुकाने की मांग करते हुए चेतावनी दी गई कि रकम नहीं दी गई तो पूरे गांव में आग लगा देंगे। खेतों से सामने आई तस्वीरों में कटी हुई फसल के साथ पड़े कागज इस घटना के प्रमाण हैं। ये केवल फसल नुकसान का मामला नहीं, बल्कि पूरे गांव को डराने और दबाव में लेने की कोशिश भी है। चिठ्ठी में साफ शब्दों में लिखा गया है कि ये शुरुआत है और आगे और बड़ा नुकसान किया जाएगा। शिकायत के बाद मामले में पुलिस ने जांच और कार्रवाई शुरू की है। जानकारी के अनुसार यह पूरा विवाद रामपुरिया गांव के एक वयस्क युवक और वयस्क युवती के प्रेम विवाह से जुड़ा है। युवती पक्ष के लोग इस विवाह से नाराज हैं और नातरा-झगड़ा कुप्रथा के तहत झगड़ा की रकम वसूलने का दबाव बना रहे हैं। इसी दबाव को बनाने के लिए खेत में खड़ी गेहूं की फसल उजाड़ी गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि झगड़े की इतनी बड़ी रकम देना उनके लिए संभव नहीं है, इसके बावजूद धमकी देकर डराया जा रहा है। झगड़ा की चिठ्ठी पर हस्ताक्षर भी किए मौके से मिली चिठ्ठी में ये भी लिखा गया है कि फसल की कटाई राजस्थान के एक गांव के लोगों द्वारा की गई है। चिठ्ठी पर हस्ताक्षर इस तरह से किए गए हैं कि उन्हें कानून का डर ही नहीं है, क्योंकि ये केवल मौखिक धमकी नहीं, बल्कि लिखित धमकी और स्वीकारोक्ति का मामला है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी क्षेत्र में झगड़ा कुप्रथा से जुड़े धमकी भरे कागज मिल चुके हैं। बता दें कि रामपुरिया गांव में पिछले कुछ महीनों में ही झगड़ा-कुप्रथा से जुड़े कम से कम 5 मामलों में इस तरह की धमकियां सामने आ चुकी हैं। कहीं फसल को नुकसान पहुंचाया गया, तो कहीं परिवारों को सामाजिक दबाव में लेने की कोशिश की गई। - इधर... युवती को आधी रात घर से उठाया इसी बीच महिला अपराध से जुड़ा एक और बेहद गंभीर मामला सामने आया है। एक युवती को आधी रात घर से जबरन उठाकर ले जाने का आरोप है। पीड़िता ने पुलिस थाने पहुंचकर बताया कि वह गुरुवार रात करीब 11:30 बजे अकेली थी, परिजन एक शादी समारोह में गए थे। उसी दौरान 2 लड़कों ने घर का दरवाजा खटखटाया और बलपूर्वक घर से बाहर निकाला, मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गए और उसके साथ खेत पर बनी टपरी में दुष्कर्म किया। घटना के बाद उसे घर के पास लाकर छोड़ दिया गया। ये मामला थाने पहुंच चुका है और पुलिस ने परिजनों से पूरी जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। -निखिल कुमार (राजगढ़)7/2/2026