- लाड़ली बहनों पर विवादित टिप्पणी करने वाले मंत्री वर्मा बोले... - कई तहसीलदारों को मैंने खुद किया है सस्पेंड भोपाल, ईएमएस। लाड़ली बहनों को सरकारी कार्यक्रम में न आने पर योजना से नाम काटने की धमकी दे चुके राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वे मीडिया से बातचीत के दौरान भ्रष्टाचार को लेकर बयान देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में मंत्री ने कहा कि थोड़ा बहुत तो हर जगह होता है, कई तहसीलदारों को मैंने सस्पेंड किया, बेईमान आदमी आदत नहीं छोड़ता, लेकिन जो पैसा लेता है उसे वे राष्ट्रद्रोही मानते हैं। मंत्री वर्मा ने कहा कि बेईमान व्यक्ति किसी भी पद पर हो, उसकी प्रवृत्ति नहीं बदलती। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बेईमान आदमी को चाहे मंत्री, तहसीलदार, इंजीनियर बना दो या मजदूरी करने को कह दो, वह अपनी आदत नहीं छोड़ता। मजदूर जब जर्दा खाता है तो पांच बार थूकता है। उन्होंने दोहराया कि जो रिश्वत लेता है, वह राष्ट्रद्रोही है चाहे मैं हूं या कोई भी हो। बेईमान आदमी अपनी आदत नहीं छोड़ता मंत्री वर्मा यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि बेईमान आदमी कहीं भी छोटे मोटे तो..ऐसा नहीं है कि मैं दावा कर रहा हूं। कई तहसीलदार हैं, जिन्हें मैंने सस्पेंड किया है। आपके यहां (राजगढ़) आया तो सस्पेंड किया। आष्टा में गया और सीमांकन पर सस्पेंड किया है। सिवनी गया, वहां भी सस्पेंड किया है। मंत्री ने कहा कि कलेक्टर पहले बोल देते हैं कि साब, थोड़ा बहुत गलती सलती हो तो ठीक कर देंगे। मैं कहता हूं कि मुझे देखो, मैं भी काम कर रहा हूं। आप भी काम कर रहे हैं। ईमानदारी से राष्ट्रभक्ति से काम करें। मैं आपकी कृपा से आठ चुनाव जीता हूं। जनता ने विश्वास किया। शर्मा जी जानते हैं, इसी गांव का किसान हूं। मन नहीं करता है।